कांटों के सत्यापन के नाम पर दुकानदारों से अवैध वसूली
मुजफ्फरनगर मैं इलेक्ट्रॉनिक कांटों के सत्यापन के नाम पर छोटे दुकानदारों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त मरम्मत चार्ज वसूलने का मामला सामने आया है। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम के नेतृत्व में दुकानदारों ने विधिक माप विज्ञान विभाग के प्रभारी अधिकारी को शिकायती पत्र देकर चार लाइसेंसधारी फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इलेक्ट्रॉनिक कांटों की स्थिति सही होने और मरम्मत की आवश्यकता नहीं होने के बावजूद सत्यापन शुल्क के साथ अतिरिक्त मरम्मत चार्ज जोड़कर दुकानदारों से अधिक धनराशि वसूली जा रही है। विरोध करने पर दुकानदारों के साथ कथित रूप से अभद्रता की जाती है और चालान कराने की धमकी दी जाती है।
भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा की ओर से दिए गए शिकायती पत्र में हिन्दुस्तान स्केल वर्क्स,मां शाकुम्भरी एंड कंपनी, प्रदीप स्केल वर्क्स और मां लक्ष्मी स्केल कंपनी के लाइसेंसधारियों पर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, ये फर्में दुकानदारों के इलेक्ट्रॉनिक कांटों के सामान्य सत्यापन शुल्क के साथ अतिरिक्त मरम्मत शुल्क भी जोड़कर धनराशि लेती हैं। दुकानदारों का कहना है कि उनके कांटे सही हालत में होते हैं मोर्चा ने इसे छोटे व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालने वाला मामला बताते हुए विभाग से जांच कराने की मांग की है। विरोध करने पर दुर्व्यवहार और चालान की धमकी देने का आरोप, शिकायतकर्ताओं का दावा है कि विरोध करने पर उन्होंने कथित रूप से कहा कि कहीं भी शिकायत कर लो, उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा, क्योंकि यह पैसा ऊपर तक जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है छोटे दुकानदारों को आर्थिक शोषण से बचाने की मांग
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम ने कहा कि छोटे दुकानदार और किसान अपनी मेहनत से परिवार का गुजारा करते हैं। ऐसे लोगों से कांटों के सत्यापन के नाम पर अनावश्यक मरम्मत शुल्क वसूलना उनके साथ आर्थिक अन्याय है। यदि कांटे में कोई खराबी नहीं है तो जबरन मरम्मत चार्ज नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने विभाग से मांग की कि सत्यापन शुल्क और मरम्मत शुल्क के नाम पर होने वाली वसूली की जांच कराई जाए तथा दुकानदारों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से बचाया जाए।
शिकायत के बाद अब संबंधित विभाग के अधिकारियों की जांच और कार्रवाई पर दुकानदारों की निगाहें टिकी हैं।ज्ञापन देने वालों में युवा नगर अध्यक्ष अनिल कुमार सैनी,युवा प्रदेश उपाध्यक्ष शोएब राणा,युवा प्रदेश सचिव चौधरी अफजाल ,जिला उपाध्यक्ष कलंदर,चौधरी जिला महामंत्री वसीम ,जिला सचिव गुल मोहम्मद आदि दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे
मुजफ्फरनगर से शाहवेज अंसारी की रिपोर्ट
