दुद्धी (सोनभद्र)। बीजपुर थाना क्षेत्र के जरहा गांव के टोला चेतवा निवासी 39 वर्षीय पन्नालाल पुत्र स्व. राजलाल ने शुक्रवार को घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कर दुद्धी पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, पन्नालाल ने घर के अंदर बड़ेर से साड़ी का फंदा लगाया था। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद के बाद उनकी पत्नी पांच दिन पहले मायके चली गई थी। शुक्रवार सुबह पन्नालाल ने अपने पांचों बच्चों को घर से बाहर भेज दिया था।
कुछ देर बाद उनकी बेटी मनीषा घर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण वह पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुई, जहां उसने पिता को फांसी पर लटका देखा। बेटी के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ग्राम प्रधान को सूचना दी।
प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
