डमी ग्राहक भेजकर अवैध शराब बिक्री का खुलासा, 30 पौवा देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
बालोद, 31 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुण्डरदेही पुलिस ने ग्राम सिकौसा में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा शोले देशी प्लेन शराब, कुल 5.400 बल्क लीटर, बिक्री की नगदी और डमी ग्राहक को दिए गए पहचानयुक्त नोट सहित सामग्री जब्त की है।
डमी ग्राहक के जरिए की गई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिकौसा निवासी एक व्यक्ति अपने मकान में देशी शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने डमी ग्राहक को ₹100 का पहचानयुक्त नोट देकर शराब खरीदने भेजा। ग्राहक के शराब लेकर लौटने के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के मकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान नीले-आसमानी रंग के थैले से 30 पौवा शोले देशी प्लेन शराब, कुल 5.400 बल्क लीटर, जिसकी कीमत ₹2,400 बताई गई है, बरामद हुई। पुलिस ने शराब बिक्री की ₹300 नगदी और डमी ग्राहक को दिया गया ₹100 का पहचानयुक्त नोट भी जब्त किया।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी परमानंद डहरे (52 वर्ष), पिता स्वर्गीय मायाराम डहरे, निवासी ग्राम सिकौसा, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद के विरुद्ध अपराध क्रमांक 373/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना और एसडीओपी गुण्डरदेही श्रीमती श्रुति सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि शंकर पांडेय, पीएसआई धनेश्वर कंवर, आरक्षक पंकज तारम, यशवंत देशमुख और महिला आरक्षक कमलेश्वरी साहू सहित थाना गुण्डरदेही पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन जैसी गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

