दंतेवाड़ा। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI RSETI), दंतेवाड़ा में आयोजित राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम का 02 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 32 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लेकर राजमिस्त्री कार्य का तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 04 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होकर 02 नवंबर 2026 तक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भवन निर्माण से संबंधित विभिन्न तकनीकी जानकारियां प्रदान की गईं। इसमें ईंटों की जुड़ाई, दीवार निर्माण, प्लास्टर, माप-जोख, भवन निर्माण में उपयोग होने वाले औजारों तथा निर्माण कार्य की विभिन्न बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक श्री कमलसाय अहिरवार द्वारा सभी प्रशिक्षणार्थियों को कुशलतापूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को राजमिस्त्री कार्य की विभिन्न तकनीकों से अवगत कराते हुए उन्हें व्यावसायिक रूप से दक्ष बनाने का प्रयास किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में संस्थान के फैकल्टी श्री ओम प्रकाश साहू एवं श्री लोकेश कुंजाम तथा कार्यालय सहायक श्री रामस्वरूप जोशी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
SBI RSETI दंतेवाड़ा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण बेरोजगार युवक-युवतियों को कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से 32 प्रशिक्षणार्थियों को राजमिस्त्री कार्य में दक्ष बनाकर रोजगार के नए अवसरों से जुड़ने का मार्ग प्रशस्त किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। संस्थान द्वारा आशा व्यक्त की गई कि प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागी अपने हुनर का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करेंगे तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर समाज एवं क्षेत्र के विकास में योगदान देंगे।
