हरदोई। जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से आज रिजर्व पुलिस लाइन हरदोई में यातायात माह नवंबर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित आमजनमानस को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों एवं यातायात संकेतों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षित यात्रा करने के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान गुड सेमेरिटन (नेक मददगार) योजना के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नेक मददगार को पुरस्कृत किए जाने का प्रावधान है। उन्होंने आमजन से अपील की कि दुर्घटना में घायल लोगों की मदद के लिए आगे आएं और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। किसी की जान बचाना सबसे बड़ा मानवता का कार्य है।
इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के अंत में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शहर में भव्य यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट, अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी, यातायात निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ITN NATIONAL NEWS
SHIVAM SHUKLA
