किशन जायसवाल रिपोर्टर बलिया
बेल्थरारोड (बलिया)।
छठ पूजा से ठीक पहले कृषि मंडी परिसर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से फल कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दुकानों और शेडों को हटाए जाने के बाद व्यापारियों के सामने फल रखने और उनकी सुरक्षा का संकट खड़ा हो गया है। इस कार्रवाई पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, बेल्थरारोड के अध्यक्ष प्रशांत कुमार मंटू ने विरोध जताते हुए प्रशासन से प्रभावित व्यापारियों को तत्काल वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व को देखते हुए फल कारोबारियों ने लाखों रुपये का माल पहले से मंगा रखा है। ऐसे समय में दुकानों और शेडों के हटने से उनके सामने कारोबार चलाने और माल सुरक्षित रखने की समस्या उत्पन्न हो गई है। खुले में रखे फलों को आवारा पशुओं और बंदरों से बचाना भी चुनौती बन गया है।
प्रशांत कुमार मंटू ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नियमों के तहत होनी चाहिए, लेकिन त्योहार के समय व्यापारियों की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना आवश्यक है। कार्रवाई से पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जाती तो कारोबारियों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
उन्होंने मंडी प्रशासन से मांग की कि प्रभावित फल व्यापारियों को तत्काल अस्थायी जगह उपलब्ध कराई जाए, ताकि छठ पर्व के दौरान उनका कारोबार प्रभावित न हो और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन को व्यापारियों की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान निकालना चाहिए।
