खुर्जा, बुलंदशहर । खुर्जा विधानसभा क्षेत्र की विधायक मीनाक्षी सिंह के जन्म दिवस के अवसर पर मंगलवार को जंक्शन रोड स्थित आरके फार्म हाउस में एक भव्य ‘स्नेह मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्र की जनता और विधायक समर्थकों का भारी जनसैलाब देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर खुर्जा विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का पूरा ब्योरा बड़े-बड़े होर्डिंग्स और फ्लेक्स के माध्यम से क्रमवार प्रदर्शित किया गया था। इनमें किस क्षेत्र में कितनी लागत से कौन सा विकास कार्य कराया गया है, इसकी विस्तृत जानकारी दी गई थी, जिसे आए हुए लोगों ने काफी सराहा। कार्यक्रम की शुरुआत से लेकर समापन तक मंच पर विधायक को शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। स्थानीय नागरिक, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी-बड़ी फूलमालाएं एवं बुके लेकर विधायक मीनाक्षी सिंह को बधाई देने पहुंचे। इस दौरान कार्यक्रम में महिलाओं की उपस्थिति भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम में जुटी भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुर्जा जंक्शन रोड पर पैदल चलना भी दूभर हो गया। समर्थकों की इस भारी भागीदारी और जनसैलाब को देखकर पूरे क्षेत्र में विधायक की लोकप्रियता की जमकर चर्चा हो रही है। विधायक मीनाक्षी सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी नागरिकों व समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
