नूरपुर क्षेत्र में सोमवार की सुबह नकाबपोश बदमाशों ने गांव दबखेडी में आरपीएफ के जवान के घर धावा बोलकर परिजनों को नशीला पदार्थ सुंघाकर कमरे में बंधक बनाकर 45 हजार रुपये की नकदी समेत छः लाख रुपये के जेवर लूट की घटना को अंजाम देकर गांव में सनसनी फैला दी । डकैती की घटना से पुलिस महकमे में हडकंप मच गया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की गौरक्षधाम पुलिस चौकी के अंतर्गत गांव दबखेडी में सोमवार की सुबह करीब तीन बजे नरेश कुमार के घर पर यह घटना हुई। मकान स्वामी नरेश कुमार के पुत्र ललित कुमार के अनुसार सोमवार की सुबह करीब तीन बजे सशस्त्र नकाबपोश दो से अधिक बदमाश बुग्गी के सहारे दीवार फांदकर उनके घर में घुस आए और एक कमरे में सो रही उसकी मां को नशीली दवा सुंघाने के बाद वहां रखी रस्सी लेकर ऊपर आ गए और उसके कमरे के दरवाजों को रस्सी से बांधने के बाद उसके भाई गोरखपुर में आरपीएफ में तैनात लवी कुमार के कमरे का ताला तोडकर वहां अलमारी में रखे 45 हजार रुपये के अलावा करीब बारह तौले सोने के आभूषण मंगलसूत्र, गले का सैट, कंठी , दो गले की चैन, झुमकी, हाथ के कढे, चार टाप्स, चार अंगूठी,चार ऊं और एक किलोग्राम चांदी के जेवर लूट की घटना को अंजाम दे डाला। बदमाश जेवरो के खाली खोखे गांव के बाहर नदी के पास फेंक गये। बदमाशों के जाने पर उनके शोर पर आसपास के लोगों ने आकर उनके दरवाजे की रस्सी खोलकर बाहर निकाला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। प्रभारी नीरज शर्मा ने चौकी इंचार्ज गौरव कुमार व पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया। घटना की तहरीर ललित कुमार की ओर से दी गई है। थाना प्रभारी नीरज शर्मा ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस जांच कर रही है।