ब्यूरो चीफ करन भास्कर चन्दौली उत्तर प्रदेश
चन्दौली : वाराणसी जिले के कैंट थाना क्षेत्र में मिंट हाउस (नदेसर) के समीप बेकाबू कार की टक्कर से गर्भवती महिला और बाइक सवार 45 वर्षीय श्यामसुंदर चौहान की मौत हो गई। महिला की पहचान नहीं हो सकी। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। कार सवार मौके से भाग निकले। पुलिस ने घायल को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार सवार वरुणा पुल से नदेसर की ओर तेज रफ्तार में आ रहे थे। कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में बिजली के पोल से जा टकराई। इस दौरान बाइक से जा रहे लकड़ी मंडी (चौकाघाट) निवासी श्याम सुंदर चौहान को टक्कर मार दी। पैदल जा रही एक गर्भवती महिला और युवक भी कार की चपेट में आ गए।
लोगों का कहना है कि हादसे के बाद कार सवार उतरकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को तत्काल मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहां श्यामसुंदर और महिला को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि घायल युवक का इलाज चल रहा है।
पुलिस कार के नंबर के आधार पर चालक और उसके मालिक की तलाश में जुटी है। वहीं बिजली का पोल टूटने की वजह से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गयी।