राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान जगह-जगह विराजमान भगवान गणेश जी की प्रतिमाएं एवं प्रतिमाओं के दर्शन को उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा कायम रखने के उद्देश्य से आज रंगनाथ नगर पुलिस एवं एनकेजे थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों ही थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ भरे इलाकों तथा पूजा पंडालों के आसपास फ्लैग मार्च करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रंगनाथ नगर थाना प्रभारी नवीन नामदेव एवं एनकेजे थाना प्रभारी नीरज दुबे अपने-अपने थानों की टीम को साथ लेकर पैदल ही क्षेत्र के भ्रमण पर निकले।
दोनों ही थाना क्षेत्र के अंतर्गत कई जगह पर गणेश प्रतिमा स्थापित की गई हैं, जहां पर शाम के समय भीड़भाड़ की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में किसी भी तरह की अनहोनी घटना घटित ना हो इस बात को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के निर्देश पर आज दोनों ही थानों के थाना प्रभारी एक साथ निकले और क्षेत्र का भ्रमण करते हुए दर्शन के लिए आने वाले लोगों को सुरक्षा का पूर्ण विश्वास दिलाया। भ्रमण के दौरान दोनों ही थाना प्रभारी ने अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद पूजा पंडाल कमेटी के सदस्यों से मुलाकात करते हुए उन्हें सुरक्षा के मापदंडों का ध्यान रखने की हिदायत दी। भ्रमण करते हुए उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि यदि किसी भी तरह की संदिग्ध परिस्थितियां या संदिग्ध व्यक्ति नजर आए तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें।