गुना कलेक्टर कन्याल ने दिखाई संवेदनशीलता, गंजबासोदा जिला विदिशा की मृतका पूनम लोधी के अंतिम संस्कार के लिए दिलाई त्वरित सहायता, जाने के लिए की गई वाहन की व्यवस्था
गुना 18 जून 2025
इंदौर से अशोकनगर जा रहे एक परिवार के साथ दर्दनाक हादसा उस समय हो गया, जब परिवार की युवती पूनम लोधी, निवासी गंजबासोदा, जिला विदिशा चलती लोडिंग वाहन से नीचे गिर गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वाहन में झटका लगने से पूनम के पिता का मोबाइल नीचे गिर गया। पूनम को लगा कि उनके पिता गिर गए हैं, और वह देखने के लिए झुकी, तभी असंतुलन के कारण चलती गाड़ी से नीचे गिर गई।
घटना बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे विजयपुर के पास हाईवे पर हुई। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से विदिशा जिले के गंज बासौदा के हमीदपुर गांव के दारा सिंह लोधा इंदौर में प्राइवेट नौकरी करते थे। कुछ दिन पहले उनकी नौकरी छूट गई। अशोकनगर में ससुराल पक्ष ने कहा कि यहां आकर काम देख लो। इस पर दारा सिंह परिवार के साथ लोडिंग वाहन में सामान भरकर मंगलवार रात 8:30 बजे अशोकनगर के लिए निकले। गाड़ी में आगे पत्नी और दो बच्चे बैठे थे। दारा सिंह, पूनम और छोटी बेटी सामान के बीच पीछे बैठे थे। तभी यह घटना घटित हो गई।
घटना के बाद परिजन गहरे सदमे में आ गए और तत्काल मदद की तलाश में लगे रहे। एम्बुलेंस नहीं मिलने पर वे किसी तरह बस से जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पूनम को मृत घोषित कर दिया।
आर्थिक रूप से असमर्थ परिवार के पास न शव ले जाने के लिए वाहन था और न ही अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक धनराशि। जैसे ही इस दु:खद घटना की जानकारी कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को मिली, उन्होंने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए तहसीलदार जी. एस. बैरवा को जिला अस्पताल भेजा। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर न केवल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई, साथ ही शव को गंज बासौदा स्थित पैतृक गांव ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी की। इसके साथ ही अंतिम संस्कार हेतु रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से ₹10,000 की आर्थिक सहायता भी तत्काल स्वीकृत करवाई गई, जिससे परिवार को कठिन समय में राहत मिली।
जिला गुना से व्यूरो चिफ गोलू सेन की रिपोर्ट