वरिष्ठ पत्रकार डॉ. सुआलेह के निधन पर प्रेस क्लब स्योहारा ने आयोजित की श्रद्धांजलि सभा
स्योहारा (बिजनौर)। स्योहारा के वरिष्ठ पत्रकार और समाजसेवी डॉ. सुआलेह उर्फ़ डॉ. शब्बू के निधन पर प्रेस क्लब स्योहारा द्वारा एक शोकसभा का आयोजन किया गया। सोमवार शाम थाना चौराहा स्थित डाक बंगले में आयोजित इस सभा में नगर के गणमान्य पत्रकार, समाजसेवी और प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर डॉ. सुआलेह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
बता दें कि डॉ. सुआलेह का बीती 15 जून को दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उनके निधन से स्योहारा में पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
शोकसभा में प्रेस क्लब के संरक्षक एवं प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने कहा,
“डॉ. सुआलेह सिर्फ पत्रकार नहीं थे, वे विचारों के योद्धा और समाज के सजग प्रहरी थे। उन्होंने पत्रकारिता को जनसेवा का माध्यम बनाया और हमेशा जनहित के मुद्दों को निर्भीकता से उठाया। उनका जाना हम सबके लिए व्यक्तिगत क्षति है।”
प्रेस क्लब अध्यक्ष शारिक ज़ैदी ने अपने संबोधन में कहा,
“डॉ. सुआलेह ने पत्रकारिता में जिस ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनपक्षधरता का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। प्रेस क्लब उनकी स्मृति को सदैव जीवित रखेगा और उनके सिद्धांतों पर चलने का प्रयास करता रहेगा।”
इस अवसर पर क्लब के संरक्षक कांता प्रसाद पुष्पक, डॉ. वीरेंद्र कुमार पुष्पक, महामंत्री नजम सिद्दीकी, उपाध्यक्ष मुकेश रस्तोगी, और मोहम्मद आलम, मोहित रस्तोगी, शोभित पुष्पक, राजा पुष्पक, राजीव गुप्ता, मुहम्मद दिलशाद, इमरान मंसूरी, सर्वेंद्र रस्तोगी, नसीम अहमद, दानिश वारसी, प्रशांत रस्तोगी, फहीम ज़ैदी, मोहम्मद फहीम, नैपाल सिंह, मो रूमान, सरफ़राज़ सैफी, मयंक यादव, शान सहसपुरी आदि ने भी डॉ. सुआलेह के जीवन, योगदान और विचारधारा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सभा का समापन सभी उपस्थित जनों द्वारा दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना के साथ किया गया। डॉ. सुआलेह की पत्रकारिता और समाजसेवा को नमन करते हुए प्रेस क्लब ने उन्हें सदा स्मरणीय बनाए रखने का संकल्प दोहराया।