नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग।
नशा मुक्ति अभियान के तहत समग्र जिले में चल रहा है सशक्त जन-जागरूकता कार्यक्रम
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जनकल्याण एवं समाज के समग्र विकास को दृष्टिगत रखते हुए हजारीबाग जिले में “नशा छोड़ें, जीवन से नाता जोड़ें” थीम पर आधारित व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान में जिला प्रशासन के साथ शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, युवा कार्य एवं खेल विभाग सहित अन्य विभागों की सक्रिय सहभागिता से समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।
मंगलवार को जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के समन्वय में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायत स्तर पर नुक्कड़ नाटक, एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जागरूकता वीडियो, शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में कलाकारों द्वारा मादक द्रव्यों के सेवन से उत्पन्न सामाजिक विघटन, पारिवारिक कलह, आर्थिक अस्थिरता एवं शारीरिक-मानसिक क्षति जैसे दुष्परिणामों को सजीव रूप से प्रस्तुत किया गया।
शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित कर विद्यार्थियों को नशा से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों एवं उपचार विकल्पों पर परामर्श दिया गया। महिला एवं समाज कल्याण विभाग के द्वारा भी जागरूक करने हेतु कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित कर जागरूकता का दायरा और व्यापक किया गया। इसी संदर्भ में उप विकास आयुक्त ने इचाक प्रखंड में लोगों को नशा मुक्त भारत बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई।
नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़कागांव प्रखंड के यूरीमारी संकुल संगठन की सखी मंडल की दीदीयों द्वारा शपथ एवं रैली का कार्यक्रम किया गया।
कार्यक्रम स्थलों पर ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी गई। सभी वर्गों ने इस अभियान की सराहना करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।