राज मिश्रा (सिंगरौली)
मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत भगत कॉलोनी में एक युवती का शव 22 जून को अर्द्धनग्न अवस्था में फांसी के फंदे पर लटका मिला। प्रारंभिक जांच के बाद सामने आया कि युवती को आत्महत्या के लिए प्रेरित किया गया था। मोरवा पुलिस ने इस मामले में आरोपी संदीप बैस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतिका की बड़ी बहन दीपांजलि पनिका ने थाना मोरवा में सूचना दी थी कि वह बनारस गई हुई थी और उसकी छोटी बहन पुष्पांजलि घर पर अकेली थी। लगातार फोन करने के बावजूद जब पुष्पांजलि द्वारा कोई उत्तर नहीं मिला तो दीपांजलि 22 जून को दोपहर 12 बजे घर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था, और कोई प्रतिक्रिया नहीं हो रही थी।
स्थानीय निवासी इंतियाज, इमरान, आसीफ, समसाद और एक अन्य युवती की सहायता से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का नज़ारा स्तब्ध कर देने वाला था — पुष्पांजलि अपने दुपट्टे से फांसी के फंदे पर झूल रही थी। सूचना पर मर्ग क्रमांक दर्ज कर महिला उपनिरीक्षक अर्चना धुर्वे द्वारा जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान गवाहों के बयान, पीएम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि संदीप बैस (पुत्र पवन बैस, उम्र 22 वर्ष) द्वारा युवती को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी के.के. पांडेय की सतत निगरानी में थाना प्रभारी यू.पी. सिंह द्वारा आरोपी के विरुद्ध धारा 108 बीएनएस के अंतर्गत अपराध क्रमांक दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के पश्चात आरोपी को जेल भेज दिया गया।