चिचोली में यूरिया की किल्लत, किसान पहुंचे तहसील कार्यालय – तहसीलदार ने दिलाया आश्वासन
पत्रकार राजेंद्र प्रसाद यादव
नगर मुख्यालय चिचोली में यूरिया खाद की भारी किल्लत को लेकर किसानों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान तहसील कार्यालय पहुँचे और तहसीलदार डॉली रैकवार से खाद उपलब्ध न होने की शिकायत की। किसानों ने आरोप लगाया कि न तो गोंडवाना विपणन समिति और न ही निजी दुकानों पर यूरिया मिल पा रही है।
किसानों की शिकायत पर तहसीलदार ने तत्काल गोंडवाना समिति के प्रबंधक से जानकारी ली। प्रबंधक श्री विश्वकर्मा ने बताया कि शनिवार को यूरिया की एक खेप प्राप्त हुई है, लेकिन अभी तक यह खेप पॉस मशीन (POS Machine) में दर्ज नहीं हो पाई है, इसलिए वितरण संभव नहीं हो पाया। तहसीलदार ने किसानों को दो दिन में खाद उपलब्ध होने का आश्वासन दिया।
समिति में नहीं मिली खाद, किसान पहुंचे कार्यालय
बुधवार सुबह बड़ी संख्या में किसान गोंडवाना विपणन समिति पहुंचे थे। किसानों को समिति द्वारा बताया गया कि पॉस मशीन में आवक दर्ज नहीं होने के कारण खाद का वितरण नहीं किया जा सकता। इस पर नाराज़ किसान तहसील कार्यालय पहुँचे और विरोध दर्ज कराया।
निजी दुकानों पर भी नहीं मिल रहा यूरिया
किसानों ने आरोप लगाया कि नगर की निजी दुकानों पर भी यूरिया उपलब्ध नहीं है। निजी दुकानदार या तो खाद देने से मना कर रहे हैं या फिर कालाबाजारी कर अधिक दामों में बेच रहे हैं। किसानों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि चिचोली की निजी दुकानों के गोदामों की जांच की जाए।
कालाबाजारी का आरोप, पोस मशीन का हो रहा दुरुपयोग
सूत्रों के अनुसार, कुछ निजी दुकानदारों के पास पर्याप्त यूरिया का स्टॉक होने के बावजूद वे जानबूझकर वितरण नहीं कर रहे हैं। पॉस मशीन में आवंटन को कम न दिखाकर वे स्टॉक को दूसरी कंपनी के नाम पर मंगाकर अधिक दामों में बेचते हैं। इस कारण शासकीय संस्थाओं को समय पर यूरिया नहीं मिल पाता और खाद की कमी बनी रहती है।
तहसीलदार ने किया समिति गोदाम का निरीक्षण
किसानों की शिकायत पर तहसीलदार डॉली रैकवार ने दोपहर में गोंडवाना समिति के गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही। उन्होंने मौके पर स्टॉक की स्थिति देखी और समिति प्रबंधक से जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
–