कांवड़ यात्रा-2025 को लेकर सहारनपुर पुलिस अलर्ट
डॉग स्क्वायड और एंटी सबोटाज टीम के साथ की गई सघन चेकिंग
सहारनपुर । श्रावण मास के अवसर पर चल रही कांवड़ यात्रा-2025 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सहारनपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।
पुलिस प्रशासन द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और कांवड़ मार्गों पर बनाए गए विभिन्न कांवड़ शिविरों में डॉग स्क्वायड और एंटी सबोटाज उपकरणों की मदद से संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की गहन चेकिंग की गई।
चेकिंग अभियान का नेतृत्व कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा में लाखों श्रद्धालु भाग ले रहे हैं, ऐसे में किसी भी संभावित खतरे को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस बल द्वारा लगातार गश्त, निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई कमी न रहे। जनपद पुलिस द्वारा की जा रही यह सतर्कता भरी कार्यवाही जनहित में एक मजबूत संदेश दे रही है कि सुरक्षा को लेकर कोई भी कोताही नहीं बरती जा रही है।
रिपोर्टर रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़