नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
उपायुक्त ने ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
हजारीबाग: उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अम्बेडकर आवास योजना, अबुआ आवास योजना, बिरसा कूप संवर्धन योजना, डोभा निर्माण, बिरसा हरित ग्राम योजना, बागवानी योजना, वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, पीडी जेनरेशन, जिओ टैगिंग, जन मन योजना, पंचायती राज, एबीपीएस, एवं जेएसएलपीएस के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने बैठक में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जाए और उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आवास योजनाओं में कम प्रगति वाले प्रखंडों पर असंतोष जताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवासों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराएं। आवास योजना में प्रथम एवं द्वितीय किस्त के संबंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
मनरेगा योजना की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने मस्टर रोल जेनरेशन को बढ़ावा देने, अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सिंचाई से संबंधित योजनाओं जैसे बिरसा कूप सिंचाई योजना की प्रगति को और गति देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
पंचायती राज व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सभी पंचायत भवन नियमित रूप से खुले रहने चाहिए तथा पंचायत सचिवालय से नागरिकों को सभी आवश्यक सेवाएं प्रदान की जानी चाहिए। पीएम जनमन योजना के तहत पीवीटीजी क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं के समाधान पर भी विशेष बल दिया।
जेएसएलपीएस अंतर्गत डीडीयू-जीकेवाई, लखपति दीदी, मुद्रा लोन जैसी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर भी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि वे अपने प्रखंड क्षेत्र का नियमित भ्रमण करें एवं योजनाओं के धरातलीय कार्यान्वयन की निगरानी करें। साथ ही, अधीनस्थ कर्मियों के साथ नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करते हुए कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर डीडीसी इश्तियाक अहमद, डीआरडीए निदेशक मां देवप्रिया, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, बीपीओ, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।