28 प्राप्त शिकायतों में 08 का हुआ मौके पर निस्तारण
(अनिल कुमार ओझा/जन जागरण संदेश की रिपोर्ट)
उरई, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से सम्पूर्ण समाधान दिवस में उरई तहसील स्थित सभागार में जनसामान्य की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करना है। कुल प्राप्त 28 शिकायती प्रार्थना पत्रों में से 08 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक समस्याओं के निस्तारण में गुणवत्ता और समय का ध्यान दिया जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध ढंग से निस्तारित किया जाए। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।