दुद्धी के उप निबंधन कार्यालय में भ्रष्टाचार की जांच, अधिवक्ताओं ने लगाए गंभीर आरोप, एआईजी टीम ने सुनी शिकायतें
दुद्धी सोनभद्र। दुद्धी तहसील मुख्यालय स्थित उप निबंधन कार्यालय में भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच करने के लिए शनिवार को सहायक महानिरीक्षक अर्जुन कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक जांच टीम पहुंची। इस दौरान अधिवक्ताओं ने टीम के समक्ष गंभीर आरोप लगाए।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्री कार्यालय में निजी आवेदकों को बैठाकर संबंधित प्रक्रिया करवाई जाती है और उनसे मनमानी तरीके से वसूली की जाती है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंजीकरणकर्ता से रजिस्ट्री पर अलग से अतिरिक्त देय की मांग की जाती है, जिससे अधिवक्ता समुदाय में नाराजगी है।
अधिवक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जो अधिवक्ता सुविधा शुल्क नहीं देते, उन्हें फर्जी तरीके से कमियां बताकर परेशान किया जाता है।
जांच टीम ने कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और अधिवक्ताओं से बात कर उनके आरोपों को सुना।
टीम ने दोनों पक्षों की बातों को निष्पक्ष रूप से संकलित किया है।
जांच अधिकारी अर्जुन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शासन से निर्देश मिलने के बाद वे दुद्धी आए और अधिवक्ताओं से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं।
उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जांच टीम की उपस्थिति में दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रेमचंद्र यादव और सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा के अलावा पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने जांच टीम के समक्ष अपने-अपने विचार रखे और न्याय की मांग की।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी विवेक सिंह