नगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च:
उरई नगर में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कोतवाली पुलिस बल के साथ नगर के मुख्य मार्गों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करने के साथ ही नगर की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहते हुए हर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। फ्लैग मार्च के दौरान सीओ सिटी अर्चना सिंह व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरुण राय भी मौजूद रहे। पुलिस बल की सघन उपस्थिति से आम नागरिकों को राहत महसूस हुई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और किसी भी तरह की अव्यवस्था या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश