✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
चौपाटी चाकूबाजी हत्याकांड में बड़ा खुलासा: तीन नाबालिग चाकूबाज आरोपी गिरफ्तार
कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौपाटी में गत दिवस घटित हुई चाकूबाजी की घटना ने पूरे जिले को हैरत में डाल दिया था। दोस्तों के साथ चौपाटी गए युवकों पर कुछ लोगों ने दनादन चाकू से प्रहार कर दिया था। वारदात में दो युवकों की घटना के कुछ देर बाद ही मौत हो गई थी, जबकि तीसरे को इलाज के लिए जबलपुर ले जाया गया जहां पर फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। कोतवाली पुलिस ने इस मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल करते हुए हत्याकांड में शामिल तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी अजय बहादुर सिंह ने बताया कि विगत रविवार सोमवार की दरमियानी रात लगभग 1 बजे चौपाटी में चाकू बाजी की घटना घटित हुई थी घटना में तीन युवक घायल हुए थे जिसमें दो युवकों की हादसे के बाद मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक गायत्री नगर निवासी 23 वर्षीय घायल विनेश पिता शिवनारायण का आरोपियों से पुराना विवाद था। विनेश अपने मित्र गायत्री नगर निवासी 22 वर्षीय उत्कर्ष दुबे पिता राजा दुबे एवं 23 वर्षीय रोशन सिंह पिता गुलाब सिंह के साथ रात में चौपाटी चाय पीने गया था, इसी दौरान आरोपियों से उसका सामना हो गया और वहां पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों नाबालिक आरोपियों ने उनके ऊपर चाकुओं से दनादन प्रहार करने शुरू कर दिए। घटना में गंभीर रूप से घायल तीनों ही युवकों को इलाज के लिए शासकीय जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां पर उत्कर्ष एवं रोशन की कुछ देर बाद ही मौत हो गई, जबकि विनेश का इलाज जबलपुर में चल रहा है वहां पर उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों नाबालिक आरोपियों को गिरफ्तार कार्यालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।