आईआईएमटी कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही के चलते सड़क हादसे में घायल छात्र ने तोड़ा दम, गमगीन माहौल में किया अंतिम संस्कार
नागल. स्टेट हाईवे 59 पर कस्बा नागल में सोमवार शाम करीब 6:00 बजे हुए सड़क हादसे में थार कार सवार घायल छात्र आकाश कुमार जिंदगी की जंग हार गया। मंगलवार को गमगीन माहौल में परिजनों द्वारा उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार हाईवे किनारे स्थित इंद्रप्रस्थ इंस्टिट्यूट मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी उमाही स्थित कॉलेज में आकाश कुमार पुत्र मोहन सिंह गांव डांकोवाली थाना देवबंद जिला सहारनपुर आईआईएमटी में बीपीईस विभाग का छात्र था और अपने दो अन्य साथियों तथा एक अध्यापक के साथ अपनी मार्कशीट संबंधी समस्या का समाधान कराने मेरठ गया हुआ था कि घर आते समय रास्ते में कस्बा नागल पहुंचने पर उनकी थार कार व ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई थी जिसमें कार सवार सभी चारों को गंभीर चोट आई थी। जिनको स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से सीएचसी भिजवाया गया था जहां से उनकी हालत देखते हुए जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर कर दिया गया था जहां उपचार के दौरान आकाश की मौत हो गई। आकाश अपने घर का इकलौता चिराग था और करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी जिससे उसको करीब पांच माह की एक मासूम बच्ची है और परिवार में एक छोटी बहन अविवाहित है। लेकिन एक हादसे ने परिवार का इकलौता चिराग, बहन से भाई की कलाई और मासूम बच्ची से उसका साया व पत्नी से उसका सुहाग छीनकर माता पिता की सारी उम्मीदों को खत्म कर दिया है। जिस कारण परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
अब सवाल यह उठता है कि जब आकाश कुमार आईआईएमटी कॉलेज का छात्र था तो उसकी मार्कशीट संबंधी समस्या का समाधान कॉलेज से क्यों नहीं हुआ या फिर कॉलेज ने अपनी जिम्मेदारी से हटते हुए छात्रों को मेरठ क्यों भेजा क्या कॉलेज प्रबंधन की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती थी या फिर कॉलेज सुविधा शुल्क लेने के लिए ही बना है। इस संबंध में जब डायरेक्टर अंजू वालिया से बात की गई तो उन्होंने बताया कि छात्र उनके कॉलेज से पासआउट था और ज्यादा जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए वह अपना पल्ला झाड़ती नजर आई।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़