नरेश प्रसाद सोनी
ब्योरो चीफ हजारीबाग
उपायुक्त के जनता दरबार में सुनी गईं आमजनों की समस्याएं, मौके पर दिए गए समाधान के निर्देश
हजारीबाग, 29 जुलाई: उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल उनके निष्पादन के निर्देश दिए। कई गंभीर मामलों में उन्होंने दूरभाष के माध्यम से भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार के दौरान पेंशन स्वीकृति, राशन कार्ड में त्रुटि, आवास, पंजी 2 में छेड़छाड़, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, नौकरी, मुआवजा और चिकित्सा सुविधा से संबंधित मामले प्रमुखता से सामने आए। उपायुक्त ने सभी मामलों को संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।आज आए कुछ प्रमुख मामले सदर मासीपीडी निवासी ज्योति कुमार ने खतियानी जमीन को गोतिया द्वारा हड़पने के विरुद्ध कार्रवाई के लिए आवेदन दिया। इस पर उपायुक्त ने सदर सीओ को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।सदर मटवारी निवासी बसंती कुमारी ने भू-माफियाओं द्वारा अवैध तरीके से सरकारी गैर मजरूआ खास जमीन का अतिक्रमण कर समीपवर्ती रैयतों का रास्ता रोकने के मामले की जांच और उक्त सरकारी जमीन को भू-माफियाओं से मुक्त कराने के संबंध में आवेदन दिया। उपायुक्त ने सीओ को रिपोर्ट उपलब्ध कराने के साथ-साथ अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।सदर के सिंदूर मुखिया सरोज देवी ने ग्राम नवडीहा, थाना कोर्रा के प्राथमिक विद्यालय के साथ-साथ ग्रामीणों के आवागमन हेतु रास्ते को दबंगई के बल पर बंद कर दिए जाने वाले रास्ते को जल्द खुलवाने का आग्रह किया। इस पर उपायुक्त ने एसडीओ सदर एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को तत्काल मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।कटकमसांडी के धोधवा निवासी शेख मुहम्मद खान ने पंजी 2 में छेड़छाड़ की पुष्टि होने के बावजूद आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने के संबंध में आवेदन दिया। उपायुक्त ने इस पर अपर समाहर्ता को मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। केरेडारी प्रखंड, ग्राम केमो की किरण कुमारी ने परिजनों द्वारा जानलेवा मारपीट किए जाने पर उपायुक्त के समक्ष न्याय की गुहार लगाई। उपायुक्त ने तत्काल दूरभाष पर बड़कागांव एसडीपीओ से बात कर महिला के मामले की जांच करने तथा आवश्यक सहयोग देने का निर्देश दिया।
उपायुक्त सिंह ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें।