नरेश सोनी – इंडियन टीवी न्यूज हजारीबाग ।
हज़ारीबाग में मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कार्यक्रम हेतु संयुक्त प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन
हज़ारीबाग, 28 जुलाई: हज़ारीबाग जिले में 10 से 25 अगस्त 2025 तक आयोजित होने वाले मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (MDA) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए आज जिला मलेरिया कार्यालय और पिरामल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन टाउन हॉल, हज़ारीबाग में किया गया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उपविकास आयुक्त, हज़ारीबाग ने की। कार्यशाला में जिले के सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित हुए, जिनमें नगर आयुक्त, जिला परिषद् के अध्यक्ष, शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी ब्लॉक प्रमुख, बाल विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, सभी लेखा प्रबंधक और बी.टी.टी. शामिल थे।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की प्रक्रिया, दवा वितरण की रणनीति, जनजागरूकता अभियान और विभिन्न विभागों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा करना था। उपविकास आयुक्त ने सभी विभागों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।