ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन,
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 14 जीटीसी, सुबाथू (जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश) में दिनांक 2 अगस्त 2025 को भारत स्काउट्स और गाइड्स का दीक्षा समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन विद्यालय के सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों की एक अहम कड़ी था, जो विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और संगठनात्मक मूल्यों को विकसित करने हेतु किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रांगण को देशभक्ति के रंग में सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने, स्काउट-गाइड प्रार्थना, और ध्वज गीत के साथ हुई। इस विशेष समारोह के मुख्य अतिथि कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. पंकज कपूर थी, जिनका स्वागत स्काउट मास्टर्स और गाइड कैप्टनों ने पारंपरिक तरीके से किया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को बताया कि भारत स्काउट्स और गाइड्स जैसी संस्थाएं जीवन में अनुशासन, निस्वार्थ सेवा, सहयोग और राष्ट्रप्रेम को मजबूत बनाती हैं।
दीक्षा समारोह के दौरान सभी नव चयनित स्काउट्स और गाइड्स को स्कार्फ और बैज प्रदान किए गए, जो उनके स्काउट्स/गाइड्स बनने की औपचारिक मान्यता का प्रतीक है। सभी छात्रों में आयोजन को लेकर उत्साह और गर्व की भावना स्पष्ट रूप से झलक रही थी।
कार्यक्रम के अगले चरण में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न सह-शैक्षणिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें चित्रकला प्रतियोगिता, देशभक्ति नृत्य तथा देशभक्ति गीत प्रतियोगिता शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में छात्रों ने “मेरे सपनों का भारत”, “स्वतंत्रता सेनानी”, “राष्ट्रीय प्रतीक” आदि विषयों पर अपने विचारों और रचनात्मकता को कला व प्रदर्शन के माध्यम से प्रस्तुत किया। रंगों की सुंदरता और विचारों की गहराई ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में न केवल आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित किया, बल्कि उनमें राष्ट्रभक्ति, सेवा भावना और संगठनात्मक समर्पण की भावना को भी सुदृढ़ किया। यह आयोजन विद्यालय परिवार के लिए एक प्रेरणादायक और यादगार क्षण बन गया।