घरेलू कलह बना मौत की वजह युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
सहारनपुर। कोतवाली मंडी क्षेत्र के बड़तला यादगार मोहल्ले में उस समय सनसनी फैल गई जब मोनू जायसवाल नामक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोनू का अपनी पत्नी से आए दिन मामूली बातों को लेकर झगड़ा होता था। मोनू वैसे तो बहुत शांत स्वभाव का युवक था परंतु गुरुवार को भी इसी तरह की कहासुनी के बाद मोनू ने आवेश में आकर यह खौफनाक कदम उठा लिया बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच के बाद ही असल वजह सामने आ पाएगी।
इस घटना से बड़तला मोहल्ले में शोक और दहशत का माहौल है। पड़ोसी और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं कि घरेलू विवाद इस हद तक पहुंच सकता है।
यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि पारिवारिक तनाव और संवादहीनता किस हद तक जानलेवा साबित हो सकती है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़