सहारनपुर
आईएसबीटी की तर्ज पर बनेगा बस स्टैंड, डिजाइन आया सामने
दिल्ली रोड पर शाकंभरी विहार में बनने वाले बस स्टैंड का डिजाइन। आईएसबीटी की तर्ज पर बनेगा। इसका डिजाइन भी सामने आ गया है। बस स्टैंड के निर्माण पर 31.61 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसका प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। उसके बाद यात्रियों को भटकना नहीं पड़ेगा।
फिलहाल जिले में स्थायी बस स्टैंड नहीं है। महानगर में रेलवे रोड, दिल्ली रोड पर कांशीराम कॉलोनी और मानकमऊ से रोडवेज बसें संचालित की जा रही है। हर साल परिवहन निगम के बेड़े में नई बसें शामिल हो रहीं। इस समय रीजन के छह डिपो में 700 से अधिक बसें शामिल हैं।
लंबे समय से स्थायी बस स्टैंड बनाने की मांग हो रही थी। जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों ने प्रयास किए तो दिल्ली रोड पर आवास विकास की शाकुंभरी विहार में जमीन मिली। परिवहन निगम ने आवास विकास से जमीन खरीद भी ली है। दिल्ली रोड स्थित शाकंभरी विहार कॉलेानी में 8013.95 वर्ग मीटर में अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण होगा, जो आईएसबीटी की तर्ज पर तैयार होगा।
इसी के अनुसार डिजाइन भी बनाया गया है। डिजाइन में बस स्टैंड के मुख्य द्वार पर सहारनपुर आईएसबीटी लिखा है। इसके अलावा अंदर जिलेवार बसें खड़ी होंगी। वहां पर जिले का नाम लिखा होगा। एसी वेटिंग हॉल होगा।
— भटकते रहते हैं यात्री
स्थायी बस स्टैंड नहीं होने से यात्री भटकते रहते हैं। वीवीआईपी का जनमंच प्रेक्षागृह में कार्यक्रम होने पर रेलवे रोड के बस स्टैंड को जेल चुंगी पर स्थानांतरित कर दिया जाता है। रेलवे रोड से देहरादून, हरिद्वार, मेरठ, अलीगढ़, आगरा की बसें मिलती हैं, जबकि कांशीराम कॉलोनी से शामली, बागपत, दिल्ली की बसें संचालित होती है। मानकमऊ से नकुड़, गंगोह, यमुनानगर, अंबाला, लुधियाना के लिए बस जाती हैं।
जिले का बस स्टैंड आईएसबीटी की तर्ज पर बनाया जाएगा। निर्माण पीपीपी मॉडल पर नहीं होगा। परिवहन निगम खुद ही निर्माण कराएगा। शासन स्तर से प्रक्रिया चल रही है। – योगेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़