नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
बड़कागांव में ग्रामीणों का ‘जेल भरो आंदोलन’, थाने का घेराव
हजारीबाग/बड़कागांव: एनटीपीसी की मुआवजा शिविर में हुई झड़प के बाद उत्पन्न तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस द्वारा सैकड़ों ग्रामीणों पर मामला दर्ज किए जाने और कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में गुरुवार की सुबह से ही आक्रोशित ग्रामीणों ने बड़कागांव थाने का घेराव कर दिया है। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई के खिलाफ ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू कर दिया है।
सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के समर्थक थाने के बाहर जमा हो गए। वे पुलिस प्रशासन और एनटीपीसी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि एनटीपीसी के इशारे पर दर्ज किए गए सभी झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं और हिरासत में लिए गए निर्दोष लोगों को तुरंत रिहा किया जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे एनटीपीसी के मनमाने रवैये और पुलिस की दमनकारी कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उनका आरोप है कि पुलिस निर्दोष ग्रामीणों को गिरफ्तार कर रही है, जबकि कंपनी की नीतियों के कारण वे अपनी उपजाऊ जमीन गंवा रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना परिसर और उसके आसपास भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।