नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
देह व्यापार मामले में पुलिस का बड़ा खुलासा – 6 होटल सील, 40 जोड़े गिरफ्तार, 17 संचालक और मैनेजर भेजे गए जेल..
हजारीबाग: पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के एनएच-33 स्थित होटलों और रेस्टोरेंट्स में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना पर पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर कुल 6 होटल सील कर दिए और लगभग 40 जोड़ों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। जांच में खुलासा हुआ कि ये होटल 2-2 घंटे के लिए कमरे किराए पर देकर देह व्यापार को बढ़ावा दे रहे थे। होटल संचालक और मैनेजर हर ग्राहक से अलग-अलग रेट वसूल कर अवैध कमाई कर रहे थे।
पुलिस ने मौके से 16 रजिस्टर, 1 लैपटॉप, 19 मोबाइल, 5 सीसीटीवी डीवीआर, 43 कंडोम, 2 डायरी, 41050 रुपये नगद, 2 रसीद बुक, 1 स्वीट डिजायर कार सहित कई अन्य आपत्तिजनक सामान जब्त किया है। होटल मालिकों द्वारा ऑनलाइन भुगतान का भी रिकॉर्ड पुलिस के हाथ लगा है। छापेमारी में शामिल 12 अधिकारियों और दर्जनों पुलिस बल ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।…
इस कार्रवाई में कुल 17 होटल संचालक, मैनेजर और स्टाफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इनमें होटल संचालक अजय कुमार, विशाल कुमार, रिजित कुमार मेहता समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इन सभी पर अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।…
S.P अंजनी अजन की चेतावनी – अवैध धंधा बंद करो, वरना सीधे जेल भेजे जाओगे”.
एसपी ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट कहा कि शहर में किसी भी कीमत पर अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। होटल और रेस्टोरेंट्स को चेतावनी दी गई है कि यदि आगे से इस तरह के धंधे में कोई भी शामिल पाया गया तो उसे सीधे जेल भेजा जाएगा।
हजारीबाग में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने साफ किया है कि इस कार्रवाई का सिलसिला यहीं खत्म नहीं होगा, बल्कि आगे भी ऐसे धंधों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।