हजारीबाग में अवैध खनन पर होगी सख्त कार्रवाई
हजारीबाग: उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई खनन टास्क फोर्स की बैठक में जिले में अवैध खनन के खिलाफ चल रहे अभियान और कार्रवाई की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन के दोषियों के खिलाफ नियमित छापेमारी करने और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने चेक पोस्टों को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए और सदर तथा बरही अनुमंडल के अधिकारियों को हर महीने अपने स्तर पर टास्क फोर्स की बैठक कर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा।
कार्रवाई की समीक्षा – बैठक में बताया गया कि जुलाई 2025 में अवैध खनन के खिलाफ कुल नौ प्राथमिकी दर्ज की गईं। जिला खनन कार्यालय ने दो वाहनों (एक बालू और एक स्टोन चिप्स से लदा) को जब्त कर 0.15 लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
इसके अलावा, पश्चिमी वन प्रमंडल ने तीन मामले दर्ज किए, जिसमें नौ लोगों को नामजद किया गया। प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने पांच मामलों पर कार्रवाई करते हुए पांच क्रशरों की जांच की। जिला परिवहन विभाग ने भी अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹1,58,500 का जुर्माना वसूला और 40 वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए।
विभिन्न अंचलों में जब्त किए गए वाहनों का विवरण इस प्रकार है:
केरेडारी: 3 बालू लदे वाहन जब्त, 1 पर प्राथमिकी।
चौपारण: 5 बालू लदे वाहन जब्त, 2 पर प्राथमिकी।
बरही: 2 कोयला लदे वाहन जब्त, 1 पर प्राथमिकी।
बड़कागांव: 7 बालू लदे वाहन जब्त, 2 पर प्राथमिकी।
बैठक में डीएफओ, एसडीओ, डीएसपी, जिला खनन पदाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो चीफ हजारीबाग संपर्क – 8850529025