रेल इंजन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दुद्धी सोनभद्र।विंढमगंज थाना क्षेत्र के धरतीडोलवा गांव में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब 35 वर्षीय प्रदीप पासवान रेल इंजन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक प्रदीप पासवान पुत्र भुवनेश्वर पासवान सुबह रोज़गार की तलाश में रेणुकूट जा रहे थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करने के वक्त झारखंड की ओर से आ रही रेल इंजन की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद पहुंचे आरपीएफ जवानों ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें कुछ नकदी और विन्ढमगंज से रेणुकूट का रेलवे टिकट बरामद हुआ। इसके बाद पंचनामा भरते हुए शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान ने बताया कि प्रदीप मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह अपने पीछे पत्नी रिंकी देवी, चार बेटियां और एक 10 वर्षीय बेटा को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से अब उनका भविष्य अंधकारमय दिखाई दे रहा है।
हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह