पीसीएफ गोदाम पर खाद वितरण बना ‘जंग का मैदान’, सुरक्षा के अभाव में किसान और वितरक दोनों परेशान
(न्यूज रिपोर्टर:जितेंद्र कुमार सैनी)
मऊरानीपुर, 25 अगस्त 2025
मऊरानीपुर के पीसीएफ खाद गोदाम में खाद वितरण के दौरान अव्यवस्था का आलम देखने को मिला, जिसका खामियाजा किसानों और वितरण सहयोगियों दोनों को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार को बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुँचे, लेकिन होमगार्ड या पुलिस बल की अनुपस्थिति के कारण व्यवस्था चरमरा गई।
खाद वितरण सहयोगी मयंक सिंह ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “भीड़ के बीच अनुशासन न होने से वितरण कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। अगर सुरक्षा बल मौजूद होता तो किसान कतार में लगकर आसानी से खाद प्राप्त कर सकते थे। लेकिन सुरक्षा की अनदेखी के कारण न तो किसान संतुष्ट हैं और न ही हम सुरक्षित महसूस कर पा रहे हैं।”
किसानों का कहना है कि बरसात के मौसम में खाद की माँग काफी बढ़ जाती है, और ऐसे में समय पर और सुरक्षित वितरण सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि खाद वितरण जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सुरक्षा बल की मौजूदगी अनिवार्य है, ताकि न तो किसानों को कोई असुविधा हो और न ही वितरकों को किसी प्रकार की परेशानी।
कृषि क्षेत्र के जानकारों ने तत्काल प्रभाव से जिला प्रशासन से अपील की है कि आगामी दिनों में खाद वितरण स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि किसान और वितरक दोनों बिना तनाव और भय के अपना काम कर सकें।