नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज हजारीबाग।
ट्रैक्टर की बैटरी चुराते रंगेहाथों पकड़े गए छह युवक, जेल भेजे गए
हजारीबाग: इचाक थाना क्षेत्र के अलोज़ा खुर्द गांव में ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करते हुए छह युवकों को रंगेहाथों पकड़ लिया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात आकाश कुमार मेहता, प्रशांत कुमार, अंकित कुमार, पिंटू कुमार, करियातवर मेहता, और निरंजन कुमार मेहता सहित कुल छह युवक अलोज़ा खुर्द गांव में एक ट्रैक्टर से बैटरी चुरा रहे थे। इसी दौरान, ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया और घेराबंदी करके पकड़ लिया।
ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने के बाद युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें जाने नहीं दिया। बाद में ग्रामीणों ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपियों ने एक बार फिर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी को पकड़ लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिक रिपोर्ट (प्राथमिकी) दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सभी गिरफ्तार युवकों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।