सदर विधायक ने ज्ञान बिंदु लाइब्रेरी का किया उद्घाटन, खिलाड़ियों के टीम को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना और जनता दरबार में जनसमस्याओं का किए समाधान
जनहित से जुड़े कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ करना ही मेरा संकल्प : प्रदीप प्रसाद
हजारीबाग: सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने सोमवार को क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई। सबसे पहले बाबूगांव चौक, मटवारी स्थित “ज्ञान बिंदु लाइब्रेरी” का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने नए प्रतिष्ठान के निदेशक रितिक जी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह लाइब्रेरी क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए अध्ययन का केंद्र बनेगी तथा युवाओं को सफलता की ओर अग्रसर करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त की।
इसके उपरांत विधायक प्रसाद ने हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट राइफल एसोसिएशन की 40 सदस्यीय शूटरों की टीम को रांची के लिए रवाना किया, जो 02 से 05 सितम्बर तक आयोजित होने वाली 15वीं झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी। कर्जन ग्राउंड स्थित राइफल रेंज में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक ने हरी झंडी दिखाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हजारीबाग और झारखंड का नाम रौशन करने का आह्वान किया।
इस प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि इस बार महिला खिलाडियों की संख्या 17 से अधिक है। रवानगी कार्यक्रम में टीम मैनेजर सुगातो रॉय, सहायक मैनेजर रोहित सिंह, कोच यशवंत कुमार एवं रिद्धि गुप्ता सहित अध्यक्ष राकेश रंजन, सेक्रेटरी नीलेन्दु जयपुरियार, मनोज गुप्ता, परवेज आलम, नियाज खान तथा खिलाडियों के अभिभावक मौजूद रहे।
इसके अलावा विधायक प्रदीप प्रसाद ने अपने कार्यालय परिसर में जनता दरबार लगाया, जहाँ हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने उनसे मुलाकात की और अपनी समस्याएँ साझा कीं। विधायक ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से तुरंत बातचीत की और उनके शीघ्र समाधान हेतु निर्देश दिए।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि, जनता की सेवा ही मेरा संकल्प है। शिक्षा, खेल और विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र की हर समस्या का समाधान करना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता का विश्वास और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।नरेश सोनी हजारीबाग
झारखंड में अन्याय का खुलासा: योगेंद्र साव ने हजारीबाग प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेमंत सरकार और ऋत्विक माइनिंग कंपनी पर लगाए कई गंभीर आरोप
हजारीबाग: झारखंड के पूर्व कृषि मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता योगेंद्र साव ने आज हजारीबाग स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेमंत सोरेन सरकार और एनटीपीसी के अधीन कार्यरत ऋत्विक माइनिंग कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए। बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे खनन कार्यों को लेकर साव ने सनसनीखेज खुलासे किए, जिसमें ग्रामीणों के अधिकारों का हनन और प्रशासन की मिलीभगत का दावा किया गया।
भूमि अधिग्रहण अधिनियम का उल्लंघन
योगेंद्र साव ने कहा कि एनटीपीसी और ऋत्विक माइनिंग कंपनी भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 का खुला उल्लंघन कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों की जमीन और घरों पर बिना उचित मुआवजे के बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। “जब ग्रामीण अपने हक की आवाज उठाते हैं, तो पुलिस प्रशासन को रिश्वत देकर उनके आंदोलनों को बेरहमी से दबा दिया जाता है। ग्रामीणों के साथ आतंकवादी और उग्रवादी से भी बदतर व्यवहार किया जाता है, उन्हें गिरफ्तार कर जानवरों की तरह मारपीट की जाती है। यह सब डीजीपी अनुराग गुप्ता और हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक की जानकारी में हो रहा है,” ।
निजी नुकसान और परिवार पर अत्याचार का गंभीर आरोप
भावुक होते हुए साव ने बताया कि उनकी अपनी फैक्ट्री, जो उनके परिवार की आजीविका का आधार थी, को बिना मुआवजा दिए ऋत्विक माइनिंग कंपनी ने ध्वस्त कर दिया। “जब मैं अपनी जमीन नहीं बचा सका, तो बड़कागांव के गरीबों और किसानों के हक की लड़ाई कैसे जीत सकता हूं? फिर भी, हमने अपना जीवन जनता की सेवा में समर्पित किया है,” उन्होंने कहा। साव ने खुलासा किया कि एनटीपीसी और ऋत्विक के खिलाफ आंदोलन करने के कारण उन पर, उनकी पत्नी पूर्व विधायक निर्मला देवी, बेटे अंकित राज, और बेटी पूर्व विधायक अंबा प्रसाद पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए। “मुझ पर क्राइम कंट्रोल एक्ट थोपा गया, हमें जेल में डाला गया, और मेरे परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है,” उन्होंने दुखी स्वर में कहा।
ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मालिक की धमकी
साव ने ऋत्विक माइनिंग कंपनी के मालिक आर. रमेश पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “उन्होंने मेरी बेटी अंबा प्रसाद को धमकी दी कि उसकी राजनीतिक जिंदगी खत्म कर देंगे और मुझे तथा मेरे परिवार को जेल में डालकर जमानत नहीं होने देंगे।” उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन पीड़ितों को ही दंडित कर रहा है, जो ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ की कहावत को चरितार्थ करता है।
हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना
साव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला और कहा, “जल, जंगल, और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा और गुरुजी शिबू सोरेन के सपनों को हेमंत सोरेन ने कॉरपोरेट्स के हाथों बेच दिया। यह सरकार गरीबों और किसानों के खिलाफ खड़ी है।” उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चुनावी वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि विस्थापन आयोग का गठन, एनटीपीसी से जुड़े झूठे मुकदमों की जांच, और ग्रामीणों को उचित मुआवजा व पुनर्वास का वादा किया गया था। “लेकिन महागठबंधन सरकार इन वादों को नजरअंदाज कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दबा रही है और राहुल गांधी व झारखंड प्रभारी के. राजू को बदनाम करने की साजिश रच रही है,” साव ने आरोप लगाया।
पत्रकारों पर बयान और स्पष्टीकरण
केरेडारी में पत्रकारों की बैठक में अपने बयान की निंदा पर साव ने स्पष्ट किया, “मैंने कभी नहीं कहा कि सभी पत्रकार बिकाऊ हैं। मैंने कहा कि कुछ स्थानीय पत्रकार ऋत्विक माइनिंग कंपनी के प्रभाव में हैं और ग्रामीणों के दुख-दर्द को अपने समाचारों में जगह नहीं देते। मैं अपने बयान पर कायम हूं और उनके मुख्य संपादकों से भी यही कहूंगा।”
योगेंद्र साव ने मांग की कि एनटीपीसी और ऋत्विक माइनिंग कंपनी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई हो, ग्रामीणों को उचित मुआवजा और पुनर्वास दिया जाए, और झूठे मुकदमों की निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का सच्चा सिपाही होने के नाते, मैं बड़कागांव की जनता के हक और सम्मान की लड़ाई तब तक जारी रखूंगा, जब तक न्याय नहीं मिलता, चाहे कितनी भी साजिशें रची जाएं।”