दुद्धी सोनभद्र। थाना क्षेत्र के हरपुरा गांव में शनिवार पूर्वाह्न एक किशोर ने घरेलू विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे संदीप (13) पुत्र तुलसी प्रसाद ने बहन से कहासुनी होने पर कमरे का दरवाजा बंद कर दुपट्टे से फांसी का फंदा लगा लिया।
काफी देर दरवाजा न खुलने पर बहन ने शंका जताई और परिजनों को बुलाया। परिजनों ने दरवाजा किसी तरह उठाकर खोला तो संदीप फंदे से लटकता मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
इस घटना से परिजनों सहित ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक कुमार