जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर का किया निरीक्षण
सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी
सहारनपुर । थाना कुतुबशेर क्षेत्रान्तर्गत आयोजित गुघाल मेला-2025 को सकुशल सम्पन्न कराए जाने को लेकर प्रशासन और पुलिस सतर्क नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल व वरिष्ठ पुलिस सहारनपुर अधीक्षक आशीष तिवारी ने मेला परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न सुरक्षा प्वाइंट्स, पार्किंग स्थलों एवं यातायात व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष बंसल व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने पुलिस बल को सतर्क रहकर ड्यूटी करने और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही मेले में खोया-पाया केंद्र, मेडिकल सहायता और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि गुघाल मेला क्षेत्र का ऐतिहासिक व धार्मिक आयोजन है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। प्रशासन द्वारा मेले के सफल आयोजन के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालु शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मेले का आनंद ले सकें
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़