आमजन की राय से तैयार होगा विकसित उत्तर प्रदेश @2047 का रोडमैप:
डीवीसी व राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में मंगलवार को ‘‘समर्थ उत्तर प्रदेश- विकसित उत्तर प्रदेश @2047’’ विषय पर विचार-विमर्श व सुझाव कार्यक्रम हुआ। इसकी अध्यक्षता मंडलायुक्त झांसी/नोडल अधिकारी विमल कुमार दुबे ने की। कार्यक्रम में पूर्व आईएएस विजय सिंह निरंजन, पूर्व आईपीएस हीरा लाल, प्रो. डॉ. रामप्रकाश, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक व किसान मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘विकसित भारत @2047’’ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘‘विकसित उत्तर प्रदेश @2047’’ विजन को साकार करने के लिए हर परिवार से सुझाव लेना जरूरी है। इसके लिए कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, आईटी, पर्यटन, समाज कल्याण, सुरक्षा व सुशासन जैसे 12 प्रमुख सेक्टरों को आधार बनाया गया है। कार्यक्रम में छात्रों ने शिक्षा व रोजगार, शिक्षकों ने स्वास्थ्य सेवाओं और सुशासन, जबकि किसानों ने कृषि आधारित उद्योग, फसल विविधीकरण और जल संरक्षण पर सुझाव दिए। युवाओं ने तकनीक आधारित पुलिसिंग और पारदर्शी प्रशासन की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि नागरिक अपने सुझाव ‘‘समर्थ उत्तर प्रदेश’’ पोर्टल, सूचना सेतु एप अथवा क्यूआर कोड स्कैन कर भी दर्ज करा सकते हैं। 5 अक्टूबर तक प्रत्येक परिवार से कम से कम एक सुझाव लेने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के के सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, उप कृषि निदेशक इसके उत्तम, जिला पंचायत राज अधिकारी मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश