नरेश सोनी इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो हजारीबाग
हजारीबाग जिले के सैनिक कल्याण बोर्ड में सैनिकों और उनके आश्रितों और सेवानिवृत्ति सैनिकों को नि:शूल्क कानूनी सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को एक लीगल एड क्लिनिक का शुभारंभ किया गया।
हजारीबाग: नालसा वीर परिवार सहायता योजना, 2025 के तहत जिले के साथ-साथ झारखंड के सभी जिलों में इसकी शुरुआत की जा रही है। इसका शुभारंभ झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने ऑनलाइन माध्यम से किया। इस मौके पर उनके साथ झारखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति श्री सुजीत नारायण प्रसाद के साथ-साथ झारखंड उच्च न्यायालय के अन्य न्यायमूर्ति भी उपस्थित थे। इसके साथ ही इस मौके पर 23 इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल आफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सज्जन सिंह मान तथा राज्य सैनिक बोर्ड के निदेशक ब्रिगेडियर निरंजन कुमार के साथ भारतीय सशस्त्र सेनाओं के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
हजारीबाग जिले के सैनिक कल्याण बोर्ड में लीगल एड क्लीनिक के शुभारंभ के मौके पर विंग कमांडर राजेश कुमार गुप्ता, न्यायिक दंडाधिकारी अभिनव कुमार एवं सुमंत दीक्षित, पैनल अधिवक्ता सौरव अंशु, पारा लीगल वालेंटियर और सैनिकों के परिवार के लोग मौजूद थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार सैनिकों, सेवानिवृत्त सैनिकों और उनके परिवार के सदस्यों को नि:शुल्क कानूनी सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बैनर तले वहां एक पारा लीगल वालेंटियर एवं एक पैनल अधिवक्ता की नियुक्ति की गई है। जो उन्हें नि:शुल्क कानूनी सुविधा उपलब्ध कराने में सहायता करेंगे। जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौरव खुराना ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार सैनिकों और उनके आश्रितों को नि:शुल्क कानूनी सुविधा एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।