दुद्धी सोनभद्र।म्योरपुर थाना क्षेत्र के बनमोहरी गांव में शुक्रवार की शाम बकरी चराकर लौट रही महिला को अज्ञात सर्प ने डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार बनमोहरी निवासी रामनारायण की पत्नी भगवनिया (52) शुक्रवार शाम लगभग 6 बजे बकरी चराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात सर्प ने उन्हें काट लिया। परिजन तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
शनिवार को दुद्धी पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मौजूद परिजनों ने बताया कि मृतका के कुल आठ बच्चे हैं, जिनमें चार पुत्र एवं चार पुत्रियां शामिल हैं। इनमें से दो पुत्र और दो पुत्रियां अविवाहित हैं। घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक छा गया है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह