हाटा कस्बे के वार्ड संख्या दो मुजहना रहीम स्थित संस्कृत विद्या प्रबोधिनी पाठशाला में प्रथमा द्वितीय वर्ष (कक्षा सात) के छात्र 11 वर्षीय कृष्णा दूबे की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे उसका शव स्कूल परिसर में सीढ़ी से बंधी धोती के फंदे से लटका मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। फिलहाल परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है पर पुलिस विद्यालय प्रबंधक प्रभुनाथ पांडेय को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर दूबे गांव निवासी धनंजय दूबे का पुत्र कृष्णा संस्कृत विद्या प्रबोधिनी पाठशाला में प्रथमा द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह दो वर्ष से विद्यालय परिसर में ही रहता था। उसके साथ 20-25 अन्य छात्र भी रहते थे। बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधक स्कूल की कुछ कक्षाओं को हाॅस्टल की तरह उपयोग करते थे, जबकि उन्हें इसकी इजाजत नहीं थी।
बृहस्पतिवार रात भोजन करने के बाद सभी छात्र विद्यालय परिसर स्थित मंदिर के बरामदे में सो गए। शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक छात्र शौचालय की तरफ गया तो देखा कि विद्यालय परिसर में लगी लोहे की सीढ़ी में धोती के फंदे से कृष्णा लटका था। उसने तत्काल परिसर में ही रहने वाले विद्यालय प्रबंधक प्रभुनाथ पांडेय को इसकी सूचना दी। प्रबंधक मौके पर पहुंचे और कृष्णा को नीचे उतरा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद कृष्णा के परिजनों को सूचना दी गई।
कृष्णा के परिवार के लोग उसकी मौत की खबर से सदमे आ गए। वे हत्या का आरोप लगाने लगे। परिजनों की सूचना पर आई हाटा कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
कोतवाल हाटा रामसहाय चौहान ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर मौत होने की पुष्टि हुई है। हत्या क्यों और किसने की इसके बारे में पता किया जा रहा है। परिजनों ने शनिवार को तहरीर देने की बात कही है। पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
संस्कृत विद्या प्रबोधिनी पाठशाला के प्रबंधक प्रभुनाथ पांडेय ने कहा कि विद्यालय अपनी निजी व्यवस्था से छात्रों के लिए निशुल्क छात्रावास चलाता है। शुक्रवार भोर में कृष्णा दुबे के साथ रहने वाले छात्रों में से एक ने आकर मुझे बताया कि उसकी लाश परिसर में ही लगी लोहे की सीढ़ी में धोती के फंदे से लटकी हुई है। मैं पहुंचा और उसे अस्पताल ले जाने के लिए नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया यह बात मुझे भी हैरान कर रही है। India TV itn Rajesh Maurya