नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक छापा, पनीर की जांच, मिलीं कई खामियां
हजारीबाग।उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर आज, 16 सितंबर 2025 को खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के कई भोजनालयों और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गोपी साउथ इंडियन टिफिन, स्ट्रीट कॉफी सेंटर, होटल एसएन चाइनीज, रॉयल दिल्ली बिरयानी, बालाजी होटल, गणपति फास्ट फूड और वेलकम फास्ट फूड सहित डेमोटांड़ के मिलन होटल और किंग्स होटल का निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मंजर हुसैन के नेतृत्व में टीम ने बालाजी होटल, गोपी साउथ इंडियन टिफिन, मिलन होटल और एसएन लाइन होटल से पनीर के नमूने लिए, जो जांच में सही पाए गए।
हालांकि, निरीक्षण के दौरान टीम ने कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी पाई। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी होटल संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे अपनी रसोई और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। साथ ही, रसोई में पैर से संचालित होने वाले कूड़ेदान रखने का निर्देश भी दिया गया।
इस जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मंजर हुसैन के साथ उमेश कुमार, सेनेटरी इंस्पेक्टर शशि भूषण मुंडा, विकास शर्मा और धनेश्वर कुशवाहा भी शामिल थे। यह कार्रवाई शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और ग्राहकों को स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।