नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
गुरु तेग बहादुर की शहादत दिवस पर निकाली गई जागृति यात्रा का हजारीबाग में भव्य स्वागत
हजारीबाग: श्री गुरु तेग बहादुर साहब जी के शहादत दिवस को समर्पित ‘जागृति यात्रा’ का बुधवार को भारत माता चौक पर भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा पटना के तख्त श्री हरमंदिर साहिब से शुरू हुई थी और रामगढ़ की ओर बढ़ते हुए हजारीबाग पहुंची, जहाँ श्री गुरु सिंह सभा, हजारीबाग ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इसका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर, बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। भारत माता चौक पर आयोजित स्वागत समारोह में ‘गुरु वाणी’ का कीर्तन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सभी ने गुरु तेग बहादुर साहब के बलिदान को याद किया और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
जागृति यात्रा समिति ने बताया कि यह यात्रा रामगढ़, धनबाद, कोलकाता और रांची होते हुए 2 अक्टूबर को फिर से हजारीबाग नगर में प्रवेश करेगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गुरु तेग बहादुर साहब के त्याग, आदर्शों और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।
मीडिया प्रभारी रोहित बजाज ने बताया कि 2 अक्टूबर को होने वाले ऐतिहासिक ‘नगर कीर्तन’ की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उस दिन, जागृति यात्रा का एक बार फिर भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। इस पूरे आयोजन को लेकर सिख समाज में गहरी श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।