सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने का लिया संकल्प
नवरात्रि व विजयदशमी पर्व को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बैठक की अध्यक्षता की। डीएम ने साफ- सफाई, पेयजल, बिजली और मार्गों की मरम्मत जैसी व्यवस्थाएं प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन मार्गों पर बैरिकेडिंग व एम्बुलेंस की व्यवस्था होनी चाहिए। एसपी ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से अपील की कि विसर्जन शोभायात्रा तय मार्ग और अनुमति शर्तों के अनुसार ही निकाली जाए तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासनादेशों के मुताबिक हो। धर्मगुरुओं व जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि पर्व पारंपरिक ढंग से आपसी भाईचारे व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। बैठक में एडीएम प्रेमचंद मौर्य, एडीएम न्यायिक योगेंद्र सिंह, एएसपी प्रदीप कुमार वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, सीएमओ डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल, उप जिलाधिकारी, सीओ, नगर निकायों के ईओ सहित जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु व व्यापारी संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश