धीमी प्रगति पर जताई नाराज़गी
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज निर्माणाधीन तहसील उरई, आवासीय तहसील भवन चौरसी मोड़ तथा राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में बन रहे 50 शैय्या क्रिटिकल केयर यूनिट ब्लॉक का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर गहरी नाराज़गी जताई और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि समय की बर्बादी न हो और निर्धारित समय- सीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी की जा सकें। उन्होंने कहा कि यह सभी निर्माण कार्य जनहित से जुड़े हैं, किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी दी कि निर्माण की गुणवत्ता पूर्ण और प्रत्येक कार्य मानकों के अनुरूप ही किये जायें। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूरे होने पर आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा और विकास की रफ्तार भी तेज होगी। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं से स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में शिथिलता न बरती जायें समयावधि में प्रत्येक निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश