सहारनपुर पुलिस मिशन शक्ति 5.0 पर सक्रिय
मिशन शक्ति के तहत चौपाल और भ्रमण कार्यक्रम
सहारनपुर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपदीय पुलिस द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थानों पर महिला शक्ति केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इन केन्द्रों पर पर्याप्त जनशक्ति की तैनाती कर महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षा और सशक्तिकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को हिंसा एवं भेदभाव से मुक्त सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। यह योजना दो प्रमुख कार्यक्षेत्रों, ‘संबल’ (महिलाओं की सुरक्षा) और ‘सामर्थ्य’ (सशक्तिकरण व आत्मनिर्भरता), पर केंद्रित है।
सहारनपुर पुलिस द्वारा अभियान के तहत प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में पंपलेट बांटकर जागरूक किया जा रहा है। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्जवला योजना, पीएम स्वानिधि योजना, आयुष्मान योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, महिला ई-हाट योजना आदि शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त महिलाओं और छात्राओं को वूमेन पावर लाइन 1090, यूपी पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस 108 व सीएम हेल्पलाइन 1076 जैसी सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
एसएसपी कार्यालय से जारी संदेश के अनुसार मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं के प्रति संवेदनशीलता, सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान को सुरक्षित करना सहारनपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़