वन विभाग के नोटिस पर भड़के ग्रामीण, कलक्ट्रेट पर किया जोरदार प्रदर्शन
शामली। शिवनगर गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर वन विभाग द्वारा जारी बेदखली नोटिसों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग द्वारा दस दिन के भीतर मकान खाली करने का आदेश जारी कर दिया गया है, जिससे सैकड़ों परिवार बेघर होने की कगार पर आ गए हैं।
ग्रामीणों ने एडीएम परमानंद झा को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि कार्रवाई रोकी जाए और उनके मकानों को नियमित किया जाए। उनका कहना है कि शिवनगर गांव करीब सौ वर्षों से आबाद है और यहां लगभग 1500 लोग रहते हैं। अधिकतर परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर गुजर-बसर करते हैं। ऐसे हालात में मकान ढहाए जाने पर वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो जाएंगे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग ने अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व व वन विभाग की संयुक्त टीम से कार्रवाई कराने की चेतावनी दी है। बीते दिन गांव में पैमाइश भी की गई है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रदर्शन में सचिन कुमार, मैनपाल, ब्रहमपाल सिंह, तेजपाल, जय सिंह, संजय कुमार, श्रवण कुमार, शहीद, रविंद्र सिंह, रामभजन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने सरकार व प्रशासन से गुहार लगाई कि उन्हें उजाड़ने के बजाय उनके घरों को वैध कर दिया जाए, ताकि उनके परिवार सुरक्षित रह सकें।
जिला रिपोर्ट – तल्हा मिर्जा, शामली