गांधी जी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री जी के जय जवान-जय किसान पर हुआ मंथन
सहारनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी व भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर, पुलिस उप महानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह ने परिक्षेत्रीय कार्यालय परिसर में माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर परिक्षेत्रीय कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों महान विभूतियों को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान, महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, समानता और स्वावलम्बन के मूलमंत्र पर तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के “जय जवान, जय किसान” जैसे अद्वितीय उद्घोष की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला गया।
महोदय ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि गांधी जी का जीवन हमें सत्य एवं नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है, वहीं शास्त्री जी का जीवन हमें सादगी, परिश्रम और ईमानदारी अपनाने का मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि इन दोनों महान नेताओं की जयंती, केवल स्मरण का अवसर ही नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प दिवस भी है।
कार्यक्रम के उपरान्त, परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित किया गया। साथ ही, सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि वे अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में गांधी जी और शास्त्री जी के सिद्धांतों का पालन करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान देंगे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़