बेहट विधायक उमर अली खान पहुंचे किसानों के बीच
विधायक ने कहा, गन्ना किसानों से अन्याय बर्दाश्त नहीं
सहारनपुर। बेहट विधानसभा क्षेत्र के टोडरपुर गांव स्थित शाकुम्भरी शुगर मिल के गन्ना किसानों का बकाया भुगतान न होने से आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। किसानों ने 28 सितम्बर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर रखा है। शनिवार को इस आंदोलन को नया बल तब मिला जब बेहट के विधायक उमर अली खान स्वयं किसानों के बीच पहुंचे और उनके संघर्ष को अपना समर्थन दिया।
धरना स्थल पर पहुंचे विधायक उमर अली खान ने कहा कि गन्ना किसानों का खून-पसीना बकाया रखने वाली मिलों की मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि गन्ना किसान गांव-गांव में मेहनत कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सहारा देते हैं, लेकिन समय पर भुगतान न होना उनके साथ बहुत बड़ा अन्याय है। विधायक ने मांग की कि उत्तर प्रदेश सरकार तत्काल हस्तक्षेप कर शाकुम्भरी शुगर मिल सहित सभी मिलों से किसानों का बकाया भुगतान सुनिश्चित कराए। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि जब तक उनका हक उन्हें नहीं मिल जाता, वे आंदोलन में किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। विधायक के पहुंचने पर किसानों में नया जोश देखने को मिला और उन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए अपने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।
धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने कहा कि गन्ना उनका जीवन है और बकाया भुगतान न मिलने से वे आर्थिक संकट में हैं। स्कूल-कॉलेज की फीस, घर के खर्च और अन्य जरूरतें पूरी करना कठिन होता जा रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे और उन्होंने एक स्वर में कहा कि जब तक बकाया नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़