ग्राम पहुंचकट्टा में रावण दहन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न
इंडियन टी वी न्यूज
रिपोर्टर अनिल सोनी
ब्यूरो चीफ बहराइच
बहराइच/विशेश्वरगंज। विजयादशमी के पावन अवसर पर थाना क्षेत्र के ग्राम पहुंचकट्टा में आयोजित रावण दहन समारोह बड़े ही धूमधाम और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस वर्ष का भव्य आयोजन आदर्श बाल रामलीला समिति पहुंचकट्टा के लोकप्रिय अध्यक्ष डॉ. विकास द्विवेदी के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में क्षेत्र भर से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं व ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंच पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम द्वारा रावण वध का जीवंत मंचन देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। रावण दहन के क्षण में जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम स्थल पर थाना अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस बल की सतर्कता और आयोजन समिति के सहयोग से कार्यक्रम बिना किसी अव्यवस्था के सकुशल संपन्न हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल छाया रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने आतिशबाजी, झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। रावण दहन के साथ ही विजयादशमी का यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक बनकर क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणा और आनंद का संदेश दे गया।