उरई(जालौन)
आईटीआई उरई में हुआ कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन:
सदर विधायक ने किया प्रतिभाशाली प्रशिक्षार्थियों का सम्मान:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव प्रसारण के साथ प्रदेश स्तर पर मेधावियों को मिला सम्मान। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) उरई में शनिवार को कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर किया। भारत सरकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से प्रारंभ हुआ। इस दौरान प्रशिक्षण महानिदेशालय के अंतर्गत आईटीआई,एनएसटीआई और आईटीओटी के तहत देशभर के 46 अखिल भारतीय टॉपर्स का सम्मान प्रधानमंत्री द्वारा किया गया। इसी क्रम में आईटीआई उरई में विभिन्न व्यवसायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों को सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। मशीनिस्ट ट्रेड की छात्रा कुमारी महक ने प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। अन्य व्यवसायों में प्रियांशु पटेल, पलक, मनीकांत शर्मा, निधि, विपिन कुमार, दिव्याशु सिंह, भूपेंद्र कुशवाहा, अक्षदीप, विपिन पाल, शिवा कुशवाहा, राज तामरे, प्रभात द्विवेदी, स्वेता, अलीम खान, शालू और सत्यम प्रजापति को भी सम्मानित किया गया। उद्बोधन में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि यह दिन प्रशिक्षार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ है। अब आप सबको समाज में अपनी भूमिका निभाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने की दिशा में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। महिला सशक्तिकरण सत्र में शिक्षक एवं समाजसेविका सारिका आनंद ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल अधिकार नहीं, बल्कि अवसरों की समानता और आत्म निर्भरता की भावना जगाना है। वहीं, उद्यमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. प्रज्ञा राजपूत (मैनेजिंग डायरेक्टर, सुधा ब्यूटी स्टूडियो) ने मिशन शक्ति के अंतर्गत अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं और युवाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और कौशल के माध्यम से सशक्त बनाना हमारा उद्देश्य है, ताकि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके। कार्यक्रम के अंत में नोडल प्रधानाचार्या ने मुख्य अतिथि सहित सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और प्रशिक्षार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संस्थान का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश